बैंकों का सर्वर हैक कर करोड़ों रुपए हस्तातंरित करने वाले दो नाइजीरियाई गिरफ्तार
बैंकों का सर्वर हैक कर करोड़ों रुपए हस्तातंरित करने वाले दो नाइजीरियाई गिरफ्तार
नोएडा (उप्र), 12 मार्च (भाषा) नोएडा के सेक्टर-63 में स्थित एक बैंक का सर्वर हैक कर 16 करोड़ 71 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित करने के मामले में दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
साइबर अपराध थाना पुलिस और नॉलेज पार्क पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, 39 हजार रुपए नगद, चार मोबाइल फोन सिम कार्ड आदि बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोडेब ओडिक्पो जोसेफ और एस. ओकोनकवों के रूप में हुई है जो नाइजीरिया के नागरिक हैं। उन्होंने बताया कि इनके कुछ साथी फरार हैं।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने अब तक कई बैंकों के सर्वर हैक करके करोड़ों रुपए की ठगी की है।
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ग्रेटर नोएडा में स्थित एक होटल में आकर रूके हुए थे।
भाषा सं शफीक
शफीक

Facebook


