कार में तेजाब की बोतल फटने से दो लोग बीमार
कार में तेजाब की बोतल फटने से दो लोग बीमार
नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दिल्ली के शाहीनबाग थाना क्षेत्र के जसोला मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार शाम को एक कार के अंदर तेजाब की बोतल फटने से दो लोग बीमार पड़ गए और बेहोश हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
घटना की सूचना शाम 5.04 बजे डीएफएस को दी गई कि दक्षिणपूर्वी दिल्ली में कालिंदी कुंज रोड के पास एक कार में आग लग गई है और उसमें दो लोग हैं।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। हालांकि, मौके पर पहुंचकर जांच करने पर दमकल अधिकारियों को पता चला कि गाड़ी के अंदर आग नहीं लगी थी।
डीएफएस अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी में सवार अनिल (42) और ज्योत्सना (42) बोतल से निकले धुएं के कारण बेहोश हो गए।
उन्होंने बताया कि बीमार पड़े व्यक्तियों को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) कर्मियों द्वारा इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
डीएफएस अधिकारियों ने बताया कि तेजाब की बोतल फटने से एक जोरदार धमाके जैसी आवाज आई, जिसके कारण शुरू में वाहन में आग लगने की खबरें आईं।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के पीछे के सटीक कारण और जिन परिस्थितियों में तेजाब की बोतल को ले जाया जा रहा था, उनकी जांच की जा रही है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


