यूडीएफ की जीत हिंसा के खिलाफ जनादेशः केरल कांग्रेस अध्यक्ष
यूडीएफ की जीत हिंसा के खिलाफ जनादेशः केरल कांग्रेस अध्यक्ष
कन्नूर (केरल), पांच मई (भाषा) विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को मिली भारी जीत के एक दिन बाद मंगलवार को केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख सनी जोसेफ ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर अपने कार्यकाल के दौरान हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि यह जीत ऐसी राजनीति के खिलाफ स्पष्ट जनादेश है।
जोसेफ ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के. के. शैलजा को हराकर पेरावूर सीट बरकरार रखी है। उन्होंने माकपा से अपनी हार का विश्लेषण करने और जमीनी स्तर पर व्याप्त भावनाओं को समझने का आग्रह किया।
यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में वामपंथी दल को कन्नूर जैसे पारंपरिक गढ़ में झटका लगा है तो इसका असर पूरे राज्य में महसूस किया जाएगा।
जोसेफ ने आरोप लगाया, ‘यह जीत माकपा की हिंसक, निरंकुश और अहंकारी राजनीति के लिए एक बड़ा झटका है। मुख्यमंत्री ने हिंसा को बढ़ावा दिया और जनता ने ऐसे रुख के खिलाफ मतदान किया है।’
उन्होंने कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित “पूर्व-नियोजित हत्याओं” की घटनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें माकपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगे हैं, और विजयन को काले झंडे दिखाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों की भी बात कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाने के बजाय विजयन ने उन्हें समर्थन दिया।
नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में यूडीएफ को 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीट जीत हासिल हुई, जबकि माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ को 35 सीट मिली।
केरल में भारतीय जनता पार्टी को भी तीन सीट मिली है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


