उधमपुर बस दुर्घटना: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री ने लोगों की मौत पर शोक प्रकट किया
उधमपुर बस दुर्घटना: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री ने लोगों की मौत पर शोक प्रकट किया
जम्मू, 20 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को उधमपुर जिले में सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश भी दिया।
आज सुबह जिले में एक बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
उपराज्यपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “उधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
सिन्हा ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया।
भाषा
खारी वैभव
वैभव

Facebook


