यूक्रेन के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने जयशंकर और डोभाल से शांति की संभावनाओं पर बातचीत की

Ads

यूक्रेन के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने जयशंकर और डोभाल से शांति की संभावनाओं पर बातचीत की

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 01:00 AM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 01:00 AM IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रक्षा परिषद के सचिव रुस्तम उमेरोव ने शुक्रवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर तथा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ संघर्षग्रस्त राष्ट्र में ‘‘स्थायी शांति प्राप्त करने’’ की संभावनाओं पर अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठकें कीं।

राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के करीबी माने जाने वाले उमेरोव भारत की यात्रा पर हैं।

डोभाल के साथ अपनी बातचीत में, यूक्रेनी अधिकारी ने अग्रिम मोर्चे पर मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इन बैठकों में भारतीय पक्ष ने यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से खोजने की आवश्यकता पर अपने सैद्धांतिक रुख की पुष्टि की।

जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की और यूक्रेन संघर्ष पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’

उमेरोव ने कहा कि उन्होंने और विदेश मंत्री ने मोर्चे पर मौजूदा स्थिति, बातचीत की प्रगति और यूक्रेन के लिए एक न्यायपूर्ण एवं स्थायी शांति प्राप्त करने की संभावनाओं पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग के विकास और अगस्त 2024 में कीव में राष्ट्रपति जेलेंस्की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच हुई वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में उल्लिखित समझौतों के कार्यान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया।

उमेरोव ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘खुले और सार्थक संवाद के लिए मैं आभारी हूं। हम द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के लिए तत्पर हैं।’’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल के साथ शीर्ष यूक्रेनी सुरक्षा अधिकारी की बैठक के बारे में कुछ विवरण साझा किए।

जायसवाल ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और रूस-यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा की। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने भारत के सैद्धांतिक रुख और संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान पर जोर देने की बात दोहराई।’’

उमेरोव ने कहा कि उन्होंने और डोभाल ने ‘‘द्विपक्षीय संबंधों के विकास और सुरक्षा स्थिति के आकलन पर चर्चा की।’’

भाषा नेत्रपाल खारी

खारी