कानपुर (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) कानपुर के सजेती पुलिस थाना इलाके में 15 साल की किशोरी से कथित रूप से सामूहिक बलात्कार करने के मामले में उसके मामा और एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घाटमपुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कृष्णकांत यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर कबूल किया कि वे पीड़िता को अपने साथ ले गए और शराब के नशे में उन लोगों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।
एसीपी के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे अपने मोबाइल फोन पर नियमित रूप से अश्लील वीडियो देखते थे।
अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि लड़की को उसके मामा ने बहला-फुसलाकर ट्रक में बिठाया था और अपराध होने के बाद पीड़िता सजेती में कानपुर-सागर राजमार्ग पर अलियापुर टोल प्लाजा के पास गाड़ी से कूद गई और किसी तरह घर पहुंची, जहां उसने परिवार के सदस्यों को आपबीती सुनाई।
पीड़िता के पिता ने सजेती पुलिस थाने में बृहस्पतिवार को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि पाक्सो (लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी