उप्र: राहुल के कार्यक्रम के बाद छात्र-छात्राओं की मिली-जुली प्रतिक्रिया रही
उप्र: राहुल के कार्यक्रम के बाद छात्र-छात्राओं की मिली-जुली प्रतिक्रिया रही
प्रयागराज, आठ अगस्त (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हजारों की संख्या में छात्र शामिल हुए और कार्यक्रम संपन्न होने पर उनकी मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी कर नेट परीक्षा की तैयारी कर रहे हिमांशु त्रिपाठी ने कहा, “राहुल ने विद्यार्थियों के मुद्दे बहुत जबरदस्त ढंग से उठाए लेकिन इस बात की कोई गारंटी नहीं कि वह सत्ता में आने के बाद इनका समाधान करेंगे।”
वहीं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही रश्मि यादव ने कहा कि वह राहुल गांधी के विचार इसलिए सुनने आई थीं कि उनका विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर क्या दृष्टिकोण है।
उन्होंने कहा, “सभी राजनेता मंच से बात तो बड़ी बड़ी करते हैं लेकिन सरकार में आने के बाद उनकी प्राथमिकताएं बदल जाती हैं।”
कार्यक्रम में छोटा बघाड़ा से आए राकेश मौर्य ने कहा, “राहुल ने अपनी बातों से सभी का दिल जीत लिया। वास्तव में गरीब घर के बच्चे कितनी दिक्कतों से पढ़ाई पूरी करते हैं, लेकिन नौकरी मिलने का इंतजार ही करते रहते हैं।”
काशी हिंदू विश्वविद्यालय से प्रयागराज आए शशि प्रकाश ने कहा, “राहुल गांधी ने आज के युवाओं की नब्ज पकड़ ली है। वह यह अच्छी तरह से समझते हैं कि आज का युवा किन समस्याओं से जूझ रहा है। जंतर मंतर की घटना के बाद राहुल के प्रति लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं।”
राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान जहां मंच पर कई छात्र छात्राओं से उनकी समस्याएं पूछीं, वहीं मंच से दूर बैठे कई विद्यार्थियों से भी संवाद किया।
केपी ग्राउंड में कई जगह कीचड़ और पानी भरे होने के बावजूद भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
भाषा राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


