उप्र : लखीमपुर खीरी में नीट अभ्यर्थी ने की आत्महत्या

उप्र : लखीमपुर खीरी में नीट अभ्यर्थी ने की आत्महत्या

उप्र : लखीमपुर खीरी में नीट अभ्यर्थी ने की आत्महत्या
Modified Date: May 14, 2026 / 09:03 pm IST
Published Date: May 14, 2026 9:03 pm IST

लखीमपुर खीरी, 14 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सदर थाना क्षेत्र के गंगोत्री नगर इलाके में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-यूजी के एक अभ्यर्थी ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने घटना के पीछे परीक्षा रद्द होने से उत्पन्न मानसिक तनाव को कारण बताया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रितिक मिश्रा (21) के रूप में हुई है, जिसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों ने बताया कि यह उसका तीसरा नीट प्रयास था और उसे इस बार परीक्षा पास करने का पूरा भरोसा था, लेकिन परीक्षा रद्द होने से वह गहरे मानसिक तनाव में आ गया था।

हालांकि, पुलिस ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। कमरा अंदर से बंद पाया गया।

मृतक मूल रूप से ईसानगर थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर कटौली का रहने वाला था, जबकि उसका एक अन्य पारिवारिक आवास लखीमपुर शहर के गंगोत्री नगर में है। गंगोत्री नगर में उसका शव छत से लटका हुआ मिला।

रितिक के पिता अनूप मिश्रा ने बताया कि वह बुधवार को अपने पैतृक गांव से शहर लौटा था और परीक्षा रद्द होने के बाद से तनाव में था।

उन्होंने कहा, “पेपर लीक की खबरों के बाद नीट परीक्षा रद्द होने से रितिक काफी मानसिक तनाव में था। यह उसका तीसरा प्रयास था और उसे इस बार सफलता का पूरा भरोसा था, लेकिन परीक्षा रद्द होने से वह भावनात्मक रूप से टूट गया।”

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जाएगी।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में