कौशल का उन्नयन करें, उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाएं: मुख्यमंत्री सावंत

कौशल का उन्नयन करें, उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाएं: मुख्यमंत्री सावंत

कौशल का उन्नयन करें, उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाएं: मुख्यमंत्री सावंत
Modified Date: June 14, 2026 / 04:13 pm IST
Published Date: June 14, 2026 4:13 pm IST

पणजी, 14 जून (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को युवाओं से अपने कौशल का लगातार उन्नयन करने और कृत्रिम मेधा (एआई) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि एआई से भविष्य में कुछ पारंपरिक नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं, लेकिन इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

राज्य सरकार द्वारा पणजी में आयोजित एक ‘रोजगार महामेला’ को संबोधित करते हुए सावंत ने कहा कि लोगों को एआई से डरने के बजाय इसे अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ’21वीं सदी और एआई के इस युग में कुछ नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं, लेकिन लोगों को एआई सीखना चाहिए और खुद को नए अवसरों के अनुकूल ढालना चाहिए। हमें लगातार सीखते रहना होगा और खुद को अद्यतन करना होगा।’

मुख्यमंत्री ने युवाओं को सलाह दी कि वे केवल सरकारी नौकरियों पर ही निर्भर न रहें, बल्कि निजी क्षेत्र में भी अवसरों की तलाश करें, जहां करियर के विभिन्न नए विकल्प खुल रहे हैं।

इस रोजगार मेले में 150 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं, जो विमानन, स्वास्थ्य सेवा, खुदरा, आतिथ्य, विनिर्माण, वाहन, निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), दूरसंचार, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, इलेक्ट्रॉनिक्स और ई-कॉमर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में 5,000 से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस मेले के लिए 10,000 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया था, जबकि दोपहर तक लगभग 1,500 उम्मीदवार इस कार्यक्रम में शामिल हो चुके थे।

उन्होंने कहा, ‘शेष पंजीकृत उम्मीदवार दिन के दौरान मेले में आएंगे और साक्षात्कार के लिए उपस्थित होंगे।’

भाषा सुमित अमित

अमित


लेखक के बारे में