नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर हंगामा, अवरोधक तोड़कर निकले वाहन
नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर हंगामा, अवरोधक तोड़कर निकले वाहन
नोएडा, 11 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में थाना दादरी क्षेत्र के लुहारली टोल प्लाजा पर बुधवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि कुछ वाहन सवारों ने बूम बैरियर तोड़ दिया और हूटर बजाते हुए एक दर्जन से अधिक वाहन बिना टोल शुल्क चुकाए वहां से निकल गए। रोकने पर टोल कर्मियों के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में बृहस्पतिवार सुबह मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि घटना के दौरान अज्ञात वाहन सवारों ने टोल प्लाजा पर हूटर बजाकर दबाव बनाने की कोशिश की। जब टोल कर्मियों ने बैरियर नहीं खोला तो आरोपियों ने बूम बैरियर तोड़ दिया और कई वाहन वहां से निकल गए।
उन्होंने बताया कि टोल कर्मियों ने जब उन्हें रोकने और टोल शुल्क मांगने का प्रयास किया तो वाहन सवारों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
खुर्जा निवासी टोलकर्मी लोकमान सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उन्हें दौड़ा लिया और करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया।
आरोप है कि बाद में उन्हें गिराकर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल टोलकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, गाजियाबाद के बम्हेटा गांव का एक हिस्ट्रीशीटर हाल ही में बुलंदशहर जेल से रिहा हुआ था और उसके समर्थक कई वाहनों के काफिले के साथ उसे लेने पहुंचे थे। ऐसा माना जा रहा है कि इसी काफिले से जुड़े लोगों ने टोल प्लाजा पर यह घटना की। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया है और उसके मालिक के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
भाषा
सं, मनीषा रवि कांत

Facebook


