उप्र : बेटे की मौत के सदमें में पिता ने भी दम तोड़ा

उप्र : बेटे की मौत के सदमें में पिता ने भी दम तोड़ा

उप्र : बेटे की मौत के सदमें में पिता ने भी दम तोड़ा
Modified Date: March 22, 2026 / 10:49 pm IST
Published Date: March 22, 2026 10:49 pm IST

एटा (उप्र), 22 मार्च (भाषा) एटा जिले के जलेसर क्षेत्र में मुंबई से ईद मनाने आये पुत्र की दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत के बाद सदमे में आए उसके पिता का भी निधन हो गया। पुलिस सूत्रों ने जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के मक़सूदपुर निवासी जकील (40) ईद मनाने के लिए मुंबई से गांव आए थे। वह गुर्दे की बीमारी की वजह से आगरा के अस्पताल में भर्ती पिता रफीक खां (70) को छुट्टी दिलाकर 19 मार्च को गांव लौटे थे।

उन्होंने बताया कि उसी रात जकील को सीने में अचानक दर्द उठा।

सूत्रों ने बताया कि गांव के ही एक निजी चिकित्सक ने दर्द की दवा देने के साथ-साथ एक इंजेक्शन लगाया जिससे जकील की हालत और बिगड़ गयी। जकील को तत्काल जलेसर स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि पुत्र के शव को देखकर रफीक की हालत फिर बिगड़ गयी और 20 मार्च की रात में लगभग 10 बजे उनकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि गत 21 मार्च को जकील की पत्नी और बच्चों के मुंबई से मक़सूदपुर पहुंचने पर अपराह्न करीब दो बजे पिता-पुत्र के शवों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

भाषा सं सलीम धीरज

धीरज


लेखक के बारे में