उत्तराखंड : देश-विरोधी, कट्टरपंथी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड : देश-विरोधी, कट्टरपंथी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड : देश-विरोधी, कट्टरपंथी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: June 18, 2026 / 08:47 pm IST
Published Date: June 18, 2026 8:47 pm IST

देहरादून, 18 जून (भाषा) उत्तराखंड के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर के रहने वाले एक व्यक्ति को सोशल मीडिया मंचों के जरिये देश-विरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद सलाउद्दीन नामक आरोपी को उसके बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध के मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि वह टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और सिग्नल पर बने ग्रुप में सक्रिय रूप से शामिल था।

उन्होंने बताया कि मोबाइल से बरामद सामग्री कथित रूप से कट्टरपंथी और जिहादी विचारधाराओं को बढ़ावा देने वाली है, जिसमें युवाओं के लिए भड़काऊ संदेश भी शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद एसटीएफ ने बुधवार देर रात तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान एक पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर और एके-47 के दो राउंड बरामद किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में कुछ लोगों के संपर्क में था। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी को मलेशिया में बैठे एक सरगना से निर्देश मिल रहे थे, जिसके कथित तौर पर पाकिस्तान से संबंध हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के सीमा-पार संबंधों और किसी सुनियोजित घटना में उसकी संभावित संलिप्तता के बारे में जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, सभी संबंधित खुफिया एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

दीप्ति पारुल

पारुल


लेखक के बारे में