बेरोजगारों के समर्थन में पानी की टंकी पर चढ़ीं उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष

बेरोजगारों के समर्थन में पानी की टंकी पर चढ़ीं उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष

बेरोजगारों के समर्थन में पानी की टंकी पर चढ़ीं उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष
Modified Date: May 12, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: May 12, 2026 10:24 pm IST

देहरादून, 12 मई (भाषा) उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला नर्सिंग बेरोजगारों के आंदोलन के बीच आंदोलनकारियों का समर्थन करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ गईं और मंगलवार को अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया।

यहां परेड ग्राउंड में स्थित पानी की टंकी पर सोमवार से चढ़ी हुईं रौतेला को खुद पर पेट्रोल छिड़कते हुए देखकर उनके साथ मौजूद लोग और नीचे धरने पर बैठे आंदोलनकारियों के साथ ही पुलिस के भी हाथपांव फूल गए।

हालांकि, जल्द ही लोगों ने उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली।

‘टीम ज्योति रौतला’ ने बाद में सोशल मीडिया पर इसका वीडियो साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने यह कदम भाजपा सरकार की अकर्मण्यता और अहंकार को देखते हुए उठाया है।

पोस्ट में कहा गया है, “पिछले 40 घंटे से सरकार का कोई प्रतिनिधि यहां मिलने नहीं आया है। मुख्यमंत्री (पुष्कर सिंह धामी) असम चले गए लेकिन उनके पास अपने राज्य के युवाओं से मिलने का समय नहीं है।”

प्रदेश भर के नर्सिंग बेरोजगार ‘नर्सिंग एकता मंच’ के बैनर तले भारतीय जन स्वास्थ्य मानक (आईपीएचएस) के अनुरूप वर्षवार भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने की मांग को लेकर पिछले तीन सप्ताह से आमरण अनशन पर हैं। अपने आंदोलन को तेज करने के लिए उनके प्रतिनिधि सोमवार को परेड ग्राउंड में पानी की टंकी पर चढ़ गए जिनके समर्थन में रौतेला भी वहां पहुंच गईं।

भाषा दीप्ति जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में