उत्तराखंड: ‘शुद्धिकरण’ विवाद को जातिगत रूप देने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत
उत्तराखंड: ‘शुद्धिकरण’ विवाद को जातिगत रूप देने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत
हल्द्वानी 30 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कथित ‘शुद्धिकरण’ के मामले को जातिगत रूप देने का आरोप लगाते हुए वाल्मीकि समुदाय के एक व्यक्ति ने शिकायत देकर पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
जवाहर नगर निवासी अमित कुमार ने हल्द्वानी थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत में कहा कि वह वाल्मीकि समाज से हैं और 11 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित सफाई एवं धार्मिक अनुष्ठान में स्वयं मौजूद थे।
शिकायतकर्ता अमित कुमार ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ का सदस्य है।
कुमार ने कहा कि कार्यक्रम में अनुसूचित जाति सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए थे और इसका किसी जाति विशेष से संबंध नहीं था।
उन्होंने शिकायत में कहा कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को नयी दिल्ली में अपनी प्रेस वार्ता में 11 अगस्त को हुए कार्यक्रम को कथित तौर पर जातिगत रूप देते हुए टिप्पणी की, जिससे उनकी और वाल्मीकि समाज की भावनाएं आहत हुईं हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा कि इसके बाद सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित हो रही हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले में कार्रवाई की मांग की।
कुमार ने शिकायत के साथ पुलिस को संबंधित प्रेस वार्ता की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और आठ व 11 अगस्त के कार्यक्रमों के फोटो-वीडियो पर संज्ञान लेने तथा संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने का अनुरोध भी किया।
शिकायत की प्रतियां नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और अन्य अधिकारियों के साथ ही राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी भेजी गई हैं।
हल्द्वानी के पुलिस कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने इस संबंध में बताया कि शिकायत ले ली गयी है लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है।
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने वहां कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ किया था, जिसे लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया था।
कांग्रेस जहां मामले को भाजपा की दलित विरोधी सोच बता रही है, वहीं भाजपा ने यह कहते हुए इसका बचाव किया कि खरगे की जनसभा की दौरान गंदगी हुई और ऐसे नारे लगे जो धार्मिक स्थान पर नहीं लगने चाहिए थे।
भाषा सं दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


