उत्तराखंड: होमस्टे मालिक की बेटी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज
उत्तराखंड: होमस्टे मालिक की बेटी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज
नैनीताल (उत्तराखंड), 14 जून (भाषा) नैनीताल में एक ‘होमस्टे’ मालिक की बेटी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने को लेकर एक सहायक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर, पुलिस ने सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र प्रसाद और मुख्य आरक्षी जितेंद्र कुमार के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है। जितेंद्र प्रसाद उधमसिंह नगर में तैनात है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शनिवार रात जब उनकी बेटी अपनी बहन के साथ एक रिश्तेदार के घर से लौट रही थी, तब पास के ही एक होमस्टे में ठहरे दो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की और छेड़छाड़ की। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के समय दोनों पुलिसकर्मी नशे में थे।
इस घटना के बाद, स्थानीय लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया, उन्हें पास की पुलिस चौकी ले गए और तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।
ये पुलिसकर्मी 15 जून को होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस समारोह के लिए उस इलाके में तैनात थे।
विरोध-प्रदर्शन के बाद, आरोपी पुलिसकर्मियों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे शराब के नशे में तो नहीं थे।
भवाली के थाना प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा ने कहा, ‘‘ दोनों पर छेड़छाड़ और कानून की अन्य धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।’’
मामले की जांच की जा रही है।
भाषा राजकुमार शोभना
शोभना

Facebook


