वीएसीबी ने स्थानीय निकायों के राज्यव्यापी निरीक्षण में व्यापक अनियमितताएं पाईं

Ads

वीएसीबी ने स्थानीय निकायों के राज्यव्यापी निरीक्षण में व्यापक अनियमितताएं पाईं

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 12:47 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 12:47 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 23 जुलाई (भाषा) केरल में स्थानीय स्वशासन संस्थानों में किए गए राज्यव्यापी औचक निरीक्षण के दौरान सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) को भवन निर्माण की अनुमति जारी करने, अधिभोग प्रमाणपत्र (ओसी) देने और अनधिकृत निर्माणों के नियमितीकरण में व्यापक अनियमितताएं तथा कथित भ्रष्टाचार का पता चला। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन पार्प्पिडम (आवास)’ (मलयालम में पार्प्पिडम का अर्थ आवास होता है) नाम से यह औचक निरीक्षण बुधवार को राज्य भर के 68 कार्यालयों में किया गया, जिसमें छह नगर निगम, 30 नगरपालिकाएं और 24 ग्राम पंचायतें शामिल थीं। निरीक्षण का कार्य देर रात तक चला।

सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भवन योजनाएं तैयार करने और मंजूरी के लिए जमा करने वाले निजी परामर्श फर्मों, इंजीनियरों, वास्तुकारों, ठेकेदारों और एजेंटों से अधिकारियों ने कथित तौर पर करीब 45 लाख रुपये अवैध रूप से प्राप्त किए।

वीएसीबी ने कहा कि उसे ठेकेदारों, परामर्शदाताओं और अधिकारियों के बीच ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन के कई मामले मिले हैं, जिससे भवन संबंधी आवेदनों के निपटारे के लिए अवैध रिश्वत लेने का संदेह पैदा होता है।

वीएसीबी ने कहा कि पिछले एक साल में बिचौलियों के माध्यम से कुन्नमकुलम नगरपालिका के सचिव के बैंक खाते में 21.5 लाख रुपये जमा पाए गए। अधिकारियों ने इन लेनदेन के बारे में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया।

वीएसीबी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान मिली सभी अनियमितताओं की विस्तृत जांच की जाएगी और जहां भी आवश्यक होगा, सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

भाषा तान्या सुरभि

सुरभि