श्रीनगर स्टेशन पर कोच स्थिति को दर्शाने वाले बोर्ड के अभाव से वंदे भारत के यात्री परेशान
श्रीनगर स्टेशन पर कोच स्थिति को दर्शाने वाले बोर्ड के अभाव से वंदे भारत के यात्री परेशान
श्रीनगर, 11 जून (भाषा) श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर कोच स्थिति को प्रदर्शित करने वाले बोर्ड के अभाव के कारण श्रीनगर-जम्मू वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होने वाले सैकड़ों यात्रियों को परेशानी हो रही है। यह परेशानी तब शुरू हुई जब पहले की आठ कोच वाली ट्रेन की जगह 20 कोच वाली ट्रेन शुरू की गई है।
प्लेटफॉर्म पर कोच स्थिति को प्रदर्शित करने वाले बोर्ड लगाए गए हैं ताकि यात्रियों को यह जानकारी मिल सके कि उनसे संबंधित कोच कहां ठहरेंगे। इससे वे सही जगह पर इंतजार कर सकते हैं और ट्रेन आने के बाद अपने निर्धारित कोच को ढूंढने के लिए भागदौड़ से बच सकते हैं।
जम्मू रेल संभाग के अधिकारियों ने कहा, ‘‘हम इस समस्या से अवगत हैं और यात्रियों की सुविधा के लिए कोच को प्रदर्शित करने वाली प्रणाली को स्थापित करने के लिए मुख्यालय को पहले ही लिख चुके हैं।’’
उन्होंने बताया कि पहले ट्रेन में केवल आठ कोच थे जिससे यात्रियों को अपने-अपने कोच तक पहुंचने में आसानी होती थी क्योंकि ट्रेन छोटी थी और उसमें कम यात्री होते थे।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अब 20 कोच वाली ट्रेन के शुरू होने से इसकी (रेलगाड़ी की) लंबाई काफी बढ़ गई है और यात्रियों की संख्या भी दोगुनी से अधिक हो गई है। स्टेशन पर अव्यवस्था से बचने के लिए हमें निश्चित रूप से कोच स्थिति को प्रदर्शित करने वाली प्रणाली की आवश्यकता है।’’
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


