वंदे मातरम् घटना: दिल्ली पुलिस सोनिया, राहुल के खिलाफ शिकायत की जांच कर रही
वंदे मातरम् घटना: दिल्ली पुलिस सोनिया, राहुल के खिलाफ शिकायत की जांच कर रही
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि वह 15 अगस्त को यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम्’ गाने के दौरान एक कथित घटना संबंधी शिकायत की जांच कर रही है।
एक वकील द्वारा 16 अगस्त को आईपी एस्टेट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी जिसमें कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई थी।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘एआईसीसी (अखिल भारतीय कांग्रेस) मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में वंदे मातरम् के गायन के दौरान कथित घटना के संबंध में शिकायत की जांच की जा रही है।’
शिकायत के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जब राष्ट्रीय गीत गाया जा रहा था तो प्रारंभिक भाग गाए जाने के बाद सोनिया गांधी ने कथित तौर पर कुछ इशारा किया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि इशारों से ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें गाने को जारी रखने पर आपत्ति है।
इसमें उस वीडियो का भी जिक्र किया गया जिसमें राहुल गांधी कथित तौर पर यह कहते हुए सुने गए, ‘हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।’
शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच और दोनों नेताओं के जिम्मेदार पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रीय गीत के प्रति ‘अनादर’ दिखाने का आरोप लगाया है। हालांकि कांग्रेस ने इस आरोप से इनकार किया है।
संसद ने हाल में ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान के बराबर दर्जा देने वाला एक कानून पारित किया है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


