वीर विक्रम यादव को नया डीजीसीए प्रमुख नियुक्त किया गया
वीर विक्रम यादव को नया डीजीसीए प्रमुख नियुक्त किया गया
नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) केंद्र सरकार ने मंगलवार को उच्च स्तरीय प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ नौकरशाह वीर विक्रम यादव को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) का प्रमुख नियुक्त किया।
ओडिशा कैडर के 1996 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी यादव मौजूदा डीजीसीए प्रमुख फैज अहमद किदवई का स्थान लेंगे, जिन्हें अब कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
यादव पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अपर सचिव हैं।
मध्यप्रदेश कैडर के 1996 बैच के आईएएस अधिकारी किदवई को पिछले साल जनवरी में डीजीसीए प्रमुख नियुक्त किया गया था।
मंगलवार को हुए फेरबदल में 25 नौकरशाहों को विभिन्न केंद्रीय सरकारी विभागों में अपर सचिव स्तर पर नियुक्त किया गया है।
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पुनीत कंसल को नागर विमानन मंत्रालय में अपर सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि विशाल गगन केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के सचिव होंगे।
असम-मेघालय कैडर के 1998 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र डी त्रिपाठी को कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग में अपर सचिव और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) में सचिव नियुक्त किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में कार्यरत संयुक्त सचिव श्रीधर चिरुवोलु को उसी स्थान पर अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) के महानिदेशक अंशुमन पटनायक को कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में अपर सचिव नियुक्त किया जाएगा।
दूरसंचार विभाग के अपर सचिव एन गुलजार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि दिवाकर नाथ मिश्रा विद्युत मंत्रालय में अपर सचिव होंगे और देबाशीष प्रुस्टी वित्तीय सेवा विभाग में नए अपर सचिव होंगे।
आरती कंवर को वस्त्र मंत्रालय में अपर सचिव, दर्पण जैन को वाणिज्य विभाग में अपर सचिव और अंकिता मिश्रा बुंदेला को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है। लोखंडे प्रशांत सीताराम और अनुज शर्मा को गृह मंत्रालय में अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी विजय नेहरा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अपर सचिव, सिद्धार्थ जैन को सहकारिता मंत्रालय में अपर सचिव और नीतू कुमारी प्रसाद को राजस्व विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
मीनाक्षी रावत पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अपर सचिव और वित्तीय सलाहकार होंगी; यशवीर सिंह वाणिज्य विभाग में अपर सचिव होंगे और हरि हर मिश्रा वित्तीय सेवा विभाग में अपर सचिव होंगे।
वीणा कुमारी डरमल को खान मंत्रालय में अपर सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि अपर्णा भाटिया उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में अपर सचिव एवं वित्तीय सलाहकार होंगी।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


