गुरुग्राम में पार्किंग की छत गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त

गुरुग्राम में पार्किंग की छत गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त

गुरुग्राम में पार्किंग की छत गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त
Modified Date: July 6, 2026 / 06:03 pm IST
Published Date: July 6, 2026 6:03 pm IST

गुरुग्राम, छह जुलाई (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-102ए स्थित अदाणी ओयस्टर सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को छत का एक बड़ा हिस्सा गिरने से वहां खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। यह जानकारी निवासियों ने दी।

अपनी गाड़ियां निकालने जा रहे लोग मलबा गिरने की आवाज सुनकर घबराकर अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागे। निवासियों ने बताया कि कंक्रीट और प्लास्टर के भारी टुकड़ों से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और यह भी कहा कि मलबा गिरने के समय वहां कोई मौजूद नहीं था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह हादसा टावर एच के बी-1 बेसमेंट पार्किंग क्षेत्र में हुआ, जहां छत का एक बड़ा हिस्सा और प्लास्टर के भारी टुकड़े अचानक नीचे खड़े वाहनों पर गिर पड़े।

सोसाइटी की आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष अलका मल्होत्रा ने कहा कि लोगों ने अपने घर खरीदने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए हैं, लेकिन अब वे खुद को ठगा और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रखरखाव एजेंसी और बिल्डर से संपर्क करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेसमेंट की छत से इतनी भारी मात्रा में कंक्रीट और प्लास्टर गिरा कि नीचे खड़ी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। उनके अनुसार मलबा गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को लगा जैसे भूकंप आ गया हो।

निवासियों ने कहा कि पार्किंग क्षेत्र से होकर लोग और बच्चे लगातार गुजरते हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद लोग सोशल मीडिया और आरडब्ल्यूए के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।

एक निवासी ने कहा, ‘‘यह घटना बिल्डर की निर्माण गुणवत्ता की गंभीर कमी उजागर करती है। निवासियों की प्रमुख चिंता यह है कि सोसाइटी महज छह साल पुरानी है और यदि इतने कम समय में ही इस तरह छत गिरने लगे, तो आने वाले 10–20 वर्षों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।’’

भाषा अमित अविनाश नरेश

नरेश


लेखक के बारे में