लखीमपुर खीरी के दुधवा-गौरीफ़ंटा मार्ग पर रात में वाहनों की आवाजाही पर रोक
लखीमपुर खीरी के दुधवा-गौरीफ़ंटा मार्ग पर रात में वाहनों की आवाजाही पर रोक
लखीमपुर खीरी (उप्र), छह जून (भाषा) वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में संरक्षित करने के लिए दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) प्रशासन ने दुधवा-गौरीफ़ंटा मार्ग पर रात के समय सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध शुक्रवार शाम से लागू हो गया। एक अधिकारी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
डीटीआर के उप निदेशक जगदीश आर ने शुक्रवार शाम अधिसूचना जारी की। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रात के समय यातायात से बाघों के महत्वपूर्ण आवासों को खतरे से बचाने के लिए उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद यह फैसला लिया गया है।
नए नियमों के तहत दुधवा से नेपाल सीमा पर स्थित गौरीफ़ंटा शहर तक जाने वाली दुधवा-गौरीफ़ंटा सड़क पर रोज शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक सभी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
उप निदेशक जगदीश आर ने बताया कि प्रतिबंधित समय में एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों को आने-जाने की अनुमति होगी।
उन्होंने कहा कि रात में गौरीफ़ंटा जाने वाले यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए दुधवा से चंदनचौकी जाने वाला वैकल्पिक मार्ग 24 घंटे खुला रहेगा। इस रास्ते से गौरीफ़ंटा तक आवागमन निर्बाध बना रहेगा।
उप निदेशक ने कहा कि रात्रिकालीन वाहन प्रतिबंध बाघ अभ्यारण्यों में सख्त रात्रि नियम लागू करने के उच्चतम न्यायालय के फैसले के अनुपालन और जनहित के बीच संतुलन बनाता है।
भाषा सं आनन्द
वैभव
वैभव

Facebook


