हैदराबाद, 27 अगस्त (भाषा) तेलुगु फिल्मों के जाने-माने अभिनेता जी. वी. नारायण राव का हैदराबाद में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अभिनेत्री कराटे कल्याणी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वह 73 वर्ष के थे।
कल्याणी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि राव का निधन बुधवार रात हुआ।
उन्होंने कहा कि राव का अंतिम संस्कार 28 अगस्त को शहर के वैकुंठ महाप्रस्थानम शवदाह गृह में किया जाएगा।
राव ने 1976 में दिग्गज निर्देशक के बालचंदर की फिल्म ‘अंतुलेनी कथा’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।
चिरंजीवी और रजनीकांत के समकालीन राव ने करीब 100 फिल्मों और कई टेलीविजन धारावाहिकों में अभिनय किया।
उनकी सफल फिल्मों में ‘चिलकम्मा चेप्पिंदी’, ‘मुत्याला पालकी’, चिरंजीवी अभिनीत ‘गैंग लीडर’ और ‘हिटलर’ शामिल हैं।
राव ने ‘पसुपु कुमकुमा’ और ‘सुंदरकांड’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में भी अभिनय किया था।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष