दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गजों ने तमिल फिल्म निर्देशक भारतीराजा को दी श्रद्धांजलि
दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गजों ने तमिल फिल्म निर्देशक भारतीराजा को दी श्रद्धांजलि
चेन्नई, 10 जून (भाषा) दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज हस्तियों-सुपरस्टार रजनीकांत, संगीतकार इलैयाराजा और अन्य ने तमिल फिल्म निर्देशक पी. भारतीराजा को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने भारतीराजा को एक ऐसी हस्ती बताया जो भारतीय सिनेमा को उसकी ग्रामीण जड़ों से जोड़कर उसमें क्रांतिकारी बदलाव लेकर आए।
भारतीराजा का बुधवार को आयु संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया।
दक्षिण भारतीय फिल्मों की जानी-मानी हस्तियों ने भारतीराजा के आवास पर जाकर उनको श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पर भी तमिल, तेलुगु और मलयालम फ़िल्म उद्योग की हस्तियों ने भारतीराजा के निधन पर शोक व्यक्त किया जिन्हें दक्षिण में ‘इयक्कुनार इमायम’ (निर्देशकों में शिखर पुरुष) के नाम से जाना जाता था।
भावुक रजनीकांत ने फिल्मकार के साथ अपने 50 साल पुराने रिश्ते को याद किया और उन्हें एक ऐसा इंसान बताया जिनका मन बच्चों जैसा था और जो बेहद सादगी और ईमानदारी से जीते थे।
रजनीकांत ने कहा, ‘‘उन्होंने अनगिनत तकनीशियन, निर्देशकों और अभिनेताओं को मौका दिया और खुद को भी फिल्म उद्योग में प्रासंगिक बनाए रखा। मुश्किल में फंसे किसी भी व्यक्ति के लिए आवाज़ उठाने और लड़ने में वह हमेशा सबसे आगे रहते थे।’’
भारतीराजा की बेबाक राय को याद करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वह मेरी भी कड़ी आलोचना करते थे। एक बार उन्होंने मुझसे कहा था, ‘मुझे तुम एक इंसान के तौर पर तो पसंद हो, लेकिन तुम्हारा अभिनय पसंद नहीं है। उनके साथ रहने में बहुत खुशी मिलती थी।’’
दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने भारतीराजा के साथ अपने रिश्तों को एक ऐसा बंधन बताया जिसकी जगह कोई और नहीं ले सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं लगातार उनके लिए प्रार्थना कर रहा हूं। हमारा रिश्ता कैसा था, यह आप सभी अच्छी तरह जानते हैं। इस देश, यहां के लोगों और कलाकारों से प्यार करना ही मेरे जीवन का मकसद है।’’
संगीत निर्देशक गंगई अमरन भारतीराजा के निधन पर बेहद भावुक दिखीं। उन्होंने कहा कि भारतीराजा के बिना, न तो वह और न ही उनके भाई इलैयाराजा चेन्नई में अपना मुकाम बना पाते।
अमरन ने कहा, ‘‘वह अपने वेतन से हमें पैसे देते थे ताकि हमारा भरण-पोषण हो सके। उन्होंने सचमुच हमें खाना खिलाया और हमारी ज़िंदगी बनाई।’’ उन्होंने यह भी बताया कि करीबी रिश्तेदारों के आने के बाद परिवार अंतिम संस्कार को लेकर निर्णय लेगा।
भारतीराजा के निधन पर तेलुगु और मलयालम फ़िल्मों के बड़े सितारों ने भी शोक व्यक्त किया।
तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार चिरंजीवी कोनिडेला ने भारतीराजा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा ने अपने सबसे महान कथाकारों में से एक को खो दिया है।
चिरंजीवी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘उन्होंने गांव की मिट्टी की खुशबू, मानवीय रिश्तों की सुंदरता, प्यार की मासूमियत और आम लोगों की भावनाओं को सदाबहार सिनेमाई कविता में बदल दिया।’’
अभिनेता और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने कहा कि पद्मश्री से सम्मानित भारतीराजा की सोच और सदाबहार कहानियों ने फ़िल्म निर्माण को एक नई परिभाषा दी।
तेलुगु स्टार अल्लू अर्जुन ने उन्हें एक महानायक बताया, जिनका भारतीय सिनेमा में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मलयालम सिनेमा के दिग्गज कलाकार मोहनलाल ने उन्हें कविता के जरिए श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘‘एक ऐसे निर्देशक जिन्होंने मिट्टी में कविता, खामोशी में सच्चाई और हर फ्रेम में आत्मा को तलाशा।’’ मोहनलाल ने फिल्म ‘तुदारुम’ में भारतीराजा के साथ काम किया था।
अभिनेत्री रेवती ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘‘(वे ही) वजह हैं कि मैं आज एक अभिनेत्री के तौर पर यहां हूं और फिल्म कीं।’’
अभिनेत्री सुकन्या ‘पुधु नेल्लू पुधु नाथु’ फिल्म पर हुई घटना को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि कैसे निर्देशक भारतीराजा ने उन्हें शॉट करने देने से पहले, खुद एक गहरे कुएं में कूदकर उसकी सुरक्षा की जांच की थी।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


