उप्र: अयोध्या में 23 जुलाई को संत सम्मेलन आयोजित करेंगे विहिप और आरएसएस

उप्र: अयोध्या में 23 जुलाई को संत सम्मेलन आयोजित करेंगे विहिप और आरएसएस

उप्र: अयोध्या में 23 जुलाई को संत सम्मेलन आयोजित करेंगे विहिप और आरएसएस
Modified Date: July 19, 2026 / 05:19 pm IST
Published Date: July 19, 2026 5:19 pm IST

अयोध्या, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद श्रद्धालुओं का भरोसा फिर से मजबूत करने के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) 23 जुलाई को यहां मणि राम छावनी में संत सम्मेलन आयोजित करेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, यह सम्मेलन श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक के एक दिन बाद होगा।

सूत्रों के मुताबिक, आरएसएस के स्वयंसेवक और विहिप के कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अयोध्या में संतों के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जाकर उनसे संपर्क कर रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि वे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खिलाफ चलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार अभियान की जानकारी भी संतों को दे रहे हैं और सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस सम्मेलन का आयोजन राम मंदिर आंदोलन की तर्ज पर किया जा रहा है, जब संतों को मणि राम छावनी में आमंत्रित किया गया था।

सूत्रों ने बताया कि सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है और इसके बाद राज्य के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के सम्मेलन आयोजित किए जा सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में जारी विहिप की बैठक को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है और उसमें कई अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।

सूत्रों ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन को स्थायी महासचिव नियुक्त किया जा सकता है और ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का औपचारिक बंटवारा किए जाने की भी संभावना है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में