विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीट जीतने के बाद टीवीके विधायकों के साथ बैठक की

विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीट जीतने के बाद टीवीके विधायकों के साथ बैठक की

विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीट जीतने के बाद टीवीके विधायकों के साथ बैठक की
Modified Date: May 5, 2026 / 03:31 pm IST
Published Date: May 5, 2026 3:31 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

चेन्नई, पांच मई (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के 108 सीट जीतने के एक दिन बाद मंगलवार को टीवीके प्रमुख विजय ने पार्टी के वैचारिक नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और नव निर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की।

तमिलनाडु में 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को चुनाव हुए थे तथा चार मई को मतगणना हुई।

विजय का पार्टी सदस्यों और कई विधायकों ने जोरदार स्वागत किया, जिन्होंने उनकी तरह ही टीवीके मुख्यालय में चुनावी जीत के बाद पदार्पण किया।

एक विधायक ने बताया कि विजय ने विधायक दल के नेता के चुनाव और विधानसभा में विधायकों के आचरण पर चर्चा करने के लिए पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई थी।

इससे पहले, टीवीके प्रमुख ने पार्टी मुख्यालय में पेरियार ई.वी. रामासामी, बी.आर. आंबेडकर, के. कामराज, वेलू नाचियार और अंजलाई अम्माल को पुष्पांजलि अर्पित की, जिन्हें पार्टी अपना वैचारिक नेता मानती है।

टीवीके नेता नंजिल संपत ने बताया कि बैठक में विधायक पार्टी नेता को अपने विजय प्रमाण पत्र सौंपेंगे और सरकार बनाने की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।

जब उनसे पूछा गया कि टीवीके साधारण बहुमत कैसे हासिल करेगी, क्योंकि उसके पास बहुमत के लिए 10 विधायक कम है, तो संपत ने पत्रकारों से कहा कि पार्टी नेता इसका समाधान निकालेंगे।

उन्होंने कहा, “मुझे सकारात्मक परिणाम का पूरा भरोसा है और जल्द ही अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है।”

विजय के नेतृत्व वाली टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि द्रमुक और अन्नाद्रमुक को क्रमशः 59 और 47 सीटें मिलीं। टीवीके को 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 10 और विधायकों की जरूरत है।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में