विजयन ने आपदा प्रबंधन, लापता मछुआरों की तलाश को लेकर केरल सरकार पर साधा निशाना
विजयन ने आपदा प्रबंधन, लापता मछुआरों की तलाश को लेकर केरल सरकार पर साधा निशाना
कन्नूर (केरल), आठ अगस्त (भाषा) केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों और अलग-अलग नौका दुर्घटनाओं के बाद लापता मछुआरों की तलाश में कथित लापरवाही को लेकर राज्य सरकार की शनिवार को आलोचना की। हालांकि, उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार के राहत प्रयासों को पूरा समर्थन देगा।
उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 31 जुलाई को हुई अत्यधिक भारी बारिश के समय जरूरी चेतावनी जारी नहीं की गई या एहतियाती कदम नहीं उठाए गए थे।
वायनाड सुरंग सड़क निर्माण क्षेत्र में हुए भूस्खलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह कथित लापरवाही का एक और उदाहरण है।
उन्होंने कहा, ‘‘अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान होने के बावजूद नियमों के अनुसार समय पर रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया। अलर्ट तब जारी किए गए, जब बारिश पहले ही तेज हो चुकी थी। इसी तरह, भूस्खलन की आशंका के बारे में चेतावनी मिलने के बावजूद जरूरी एहतियाती कदम नहीं उठाए गए।’’
विजयन ने बाढ़ के पानी में फंसे एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश में मारे गए तैराकी प्रशिक्षक आर. राजेश की मौत का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा, ‘‘राजेश का निधन पूरे केरल के लिए गहरे दुख का कारण बना। यह ऐसी घटना है जिसने सभी की आंखों में आंसू ला दिए। उस युवा ने बाढ़ में फंसे एक व्यक्ति की जान बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवा दी। राजेश बचावकर्मी भी थे। उनका शव चार दिन बाद ही बरामद किया जा सका।’’
वामपंथी नेता ने रन्नी में बाढ़ की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना के मूझियार बांध खोले जाने से हालात और बिगड़ गए।
उन्होंने बताया कि ओणम से पहले व्यापारियों ने सामान्य से अधिक सामान का भंडारण कर लिया था और नुकसान झेलने वाले कारोबारियों के लिए तत्काल मुआवजे की मांग की।
उन्होंने जमा हुई रेत और गाद हटाने के लिए पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे उपायों को राजनीतिक विवाद का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए।
भाषा आशीष रंजन
रंजन

Facebook


