विवेक विहार अग्निकांड: जांच आग लगने के सटीक समय और कार्रवाई के वक्त पर केंद्रित
विवेक विहार अग्निकांड: जांच आग लगने के सटीक समय और कार्रवाई के वक्त पर केंद्रित
नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना में नौ लोगों की मौत के बाद पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और अधिकारी घटनाओं के क्रम का पुन:निर्माण कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जांचकर्ताओं ने घटनास्थल का दोबारा दौरा किया, नए सबूत एकत्र किए और लोगों तथा सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वालों के बयान दर्ज किए ताकि आग लगने का सटीक समय और उसके बाद की प्रतिक्रिया देने की गति का पता लगाया जा सके।
यह भीषण आग चार मंजिला आवासीय इमारत में लगी थी। आग पिछले हिस्से से शुरू होकर तेजी से ऊपर की ओर फैल गई और पहली से चौथी मंजिल तक के फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया।
एक बच्चे समेत दो परिवारों के नौ लोगों की जान चली गई जबकि अफरा-तफरी के माहौल में कई अन्य लोगों को बचा लिया गया।
सूत्र ने बताया, ‘विभिन्न तथ्यों की जांच की जा रही है। हम आग लगने का सही समय, घटना की सूचना देने वाली पहली कॉल और आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने का समय सत्यापित कर रहे हैं। आग कहां से शुरू हुई और उसके फैलने के तरीके का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण किया जा रहा है।’
उन्होंने बताया कि चश्मदीदों के बयानों की पुष्टि करने और आग लगने के शुरुआती स्थान का पता लगाने के लिए आस-पास की इमारतों से फुटेज की जांच की जा रही है, जबकि तकनीकी टीमें संभावित कारणों का आकलन कर रही हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा किया और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच का निर्देश दिया।
शुरुआती जांच से पता चला है कि आग संभवत: पहली मंजिल के एक फ्लैट में एयर कंडीशनर में विस्फोट के कारण लगी।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


