त्रिपुरा जनजातीय परिषद चुनाव में वीवीपैट वाले ईवीएम का इस्तेमाल हो : माकपा
त्रिपुरा जनजातीय परिषद चुनाव में वीवीपैट वाले ईवीएम का इस्तेमाल हो : माकपा
अगरतला, 31 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव जितेंद्र चौधरी ने मंगलवार को राज्य चुनाव आयुक्त (एसईसी) मनोज कुमार से त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के आगामी चुनावों में वीवीपीएटी के साथ ईवीएम का उपयोग करने की अपील की।
जनजातीय परिषद की 28 सीट के लिए 12 अप्रैल को मतदान होगा जबकि 17 अप्रैल को मतगणना की तारीख तय की गई है।
चौधरी ने एसईसी को लिखे पत्र में कहा, ‘‘विभिन्न निर्वाचन अधिकारियों द्वारा किए गए ईवीएम की एफएलसी (प्रथम स्तरीय जांच) से ज्ञात हुआ है कि आपने वीवीपीएटी लगाए बिना पुराने ईवीएम सेट का उपयोग करने का निर्णय लिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप जानते हैं कि ईवीएम के सटीक कामकाज को लेकर देशव्यापी विवाद चल रहा है, और कई जाने-माने सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्वजनिक रूप से दावा करते हैं कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है। इसके बावजूद, वीवीपीएटी लगे होने पर मतदाता ईवीएम पर भरोसा करते हैं।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘इसलिए, मैं अपील करता हूं कि चुनाव में वीवीपीएटी के बिना ईवीएम का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपीएटी से युक्त अद्यतन ईवीएम मशीन के साथ चुनाव कराया जाना चाहिए।’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


