वांछित माओवादी नेता कोलकाता में गिरफ्तार, एक अन्य नक्सली ने आत्मसमर्पण किया
वांछित माओवादी नेता कोलकाता में गिरफ्तार, एक अन्य नक्सली ने आत्मसमर्पण किया
कोलकाता, 12 मई (भाषा) एक महिला माओवादी नेता को कोलकाता में गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य नक्सली ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। महिला माओवादी पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिला नदिया जिले के चकदह की निवासी है और पड़ोसी राज्य झारखंड में उसके खिलाफ 23 मामले दर्ज हैं। अधिकारी ने बताया कि वह झारखंड और पश्चिम बंगाल में माओवादी गतिविधियों में शामिल थी।
सूचना के आधार पर, कोलकाता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे उत्तरी काशीपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने पत्रकारों को बताया, “झारखंड में उसके खिलाफ 23 मामले दर्ज हैं। जरूरत पड़ने पर झारखंड पुलिस उससे पूछताछ करेगी।’’
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य माओवादी नेता ने मंगलवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया और मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
हुगली जिले के जंगीपाड़ा निवासी को इससे पहले 2007 में गिरफ्तार किया गया था। जमानत मिलने के बाद, उसने कथित तौर पर झारखंड के सारंडा वन क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को फिर से शुरू कर दिया था।
भाषा आशीष संतोष
संतोष

Facebook


