पश्चिम बंगाल में हमेशा घर की तरह महसूस किया है: गंभीर

Ads

पश्चिम बंगाल में हमेशा घर की तरह महसूस किया है: गंभीर

  •  
  • Publish Date - March 7, 2021 / 11:32 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:45 PM IST

नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) भाजपा नेता और सांसद गौतम गंभीर ने रविवार को कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में हमेशा घर जैसा महसूस किया है।

पूर्वी दिल्ली से सांसद के एक सहयोगी ने बताया कि गंभीर के पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान में 22 मार्च से शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि वह राज्य में विधानसभा चुनाव के सभी आठ चरणों में प्रचार करने के साथ-साथ असम विधानसभा चुनाव के तीन चरणों के लिए भी प्रचार करेंगे।

यह दिल्ली के बाहर भाजपा के लिए गंभीर का पहला पूर्ण चुनाव अभियान होगा। इससे पहले उन्होंने पिछले साल हरियाणा विधानसभा चुनाव में पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह के लिए प्रचार किया था।

गंभीर ने कहा कि उन्हें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणी पर ‘‘दुख और निराशा’’ हुई कि भाजपा ‘‘बाहरी लोगों’’ की पार्टी है और राज्य में इसका कोई स्थान नहीं है।

पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘‘मैंने खुद को हमेशा इस विशाल और खुशहाल परिवार के एक हिस्से की तरह महसूस किया है जिसने मुझे हर बार राज्य का दौरा करने पर प्यार और आशीर्वाद दिया है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दशकों से वाम दलों और तृणमूल कांग्रेस द्वारा धमकी और हिंसा को आम बात बना दिया गया है और यह अब बंगाल की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन गया है?’’

भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में विपक्ष को चुप कराने के लिए सत्ता पक्ष किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश