Noida Rapido Rider Case | Photo Credit: IA
नोएडा: Noida Rapido Rider Case उत्तर प्रदेश क़े नोएडा में “रैपिडो” से पार्सल डिलीवरी बुक करना नोएडा की एक महिला के लिए उस वक्त असहज अनुभव बन गया, जब डिलीवरी पूरी होने के बाद राइडर ने कथित तौर पर उनके निजी नंबर पर मैसेज करना शुरू कर दिया। (Rapido parcel delivery) राइडर ने पहले पूछा- ‘हेलो, कैसी हो आप?’ और कुछ देर बाद सीधे ‘I Love You’ लिख दिया। महिला ने मैसेज के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा कर मामले पर सवाल उठाए।
Noida Rapido Rider Case नोएडा की रहने वाली गीतिका श्रीवास्तव के मुताबिक, पार्सल डिलीवरी के बाद राइडर की ओर से उन्हें निजी संदेश भेजे गए। उन्होंने राइडर को दोबारा कॉल या मैसेज नहीं करने की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि अगर उसने संपर्क किया तो वह पुलिस में शिकायत करेंगी। आरोप है कि इसके जवाब में राइडर ने बेफिक्र अंदाज में कहा- ‘हां कर दो, जाओ। रैपिडो में कर दो।’ राइडर के इस जवाब ने महिला की चिंता और बढ़ा दी।
गीतिका ने पूरी बातचीत के स्क्रीनशॉट लिंक्डइन पर साझा करते हुए रैपिडो के डिलीवरी पार्टनर्स की निगरानी और ग्राहकों की निजता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि डिलीवरी के लिए उपलब्ध कराई गई संपर्क जानकारी का इस्तेमाल निजी बातचीत के लिए कैसे किया जा सकता है। उन्होंने रैपिडो के सह-संस्थापक अरविंद सांका को टैग करते हुए भी मामले पर कार्रवाई की मांग की।
महिला की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने ग्राहक सुरक्षा और निजी जानकारी की गोपनीयता को लेकर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने कहा कि केवल माफी मांगना पर्याप्त नहीं है और ऐसे मामलों में कंपनी को स्पष्ट कार्रवाई की जानकारी देनी चाहिए।
मामला सामने आने के बाद रैपिडो ने गीतिका की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए माफी मांगी। कंपनी ने कहा कि वह डिलीवरी पार्टनर के कथित व्यवहार को गंभीरता से लेती है और ग्राहक की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान उसकी प्राथमिकता है। कंपनी ने जांच के लिए महिला से राइड आईडी और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जानकारी निजी संदेश के जरिए साझा करने को कहा है।