तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में हमें ‘दिल्ली टीम’ को बिल्कुल खदेड़ देना है: उदयनिधि
तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में हमें ‘दिल्ली टीम’ को बिल्कुल खदेड़ देना है: उदयनिधि
(फाइल फोटो के साथ)
ओट्टापिडारम/कोविलपट्टी (तमिलनाडु), 15 अप्रैल (भाषा) उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने एक बार फिर बुधवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव तमिलनाडु और दिल्ली के बीच की लड़ाई है और इस दक्षिणी राज्य को दिल्ली को हराना ही होगा।
उदयनिधि ने कहा, ‘‘जैसा कि हमारे नेता (एम के स्टालिन) बार-बार कहते हैं, यह विधानसभा चुनाव दिल्ली बनाम तमिलनाडु का है। हमें तमिलनाडु की टीम बनकर जीतना होगा। हमें दिल्ली की टीम को बिल्कुल खदेड़ना होगा।’’
थूथुकुडी जिले के ओट्टापिदरम निर्वाचन क्षेत्र में 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के सिलसिले में एक सभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने मतदाताओं से राज्य के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए भाजपा और उसके सहयोगियों को खारिज करने की अपील की।
द्रमुक प्रत्याशी एम सी रामजयम के पक्ष में प्रचार करते हुए, उदयनिधि ने उम्मीदवार की सुलभता का जिक्र किया एवं कहा कि रामजयम हमेशा जनता के बीच रहे हैं और जल कनेक्टिविटी एवं बुनियादी ढांचे जैसे निर्वाचन क्षेत्र के मुद्दों पर ध्यान देते हैं।
उन्होंने द्रमुक सरकार की तुलना पिछली अन्नाद्रमुक सरकार से की, और विशेष रूप से तत्कालीन मुख्यमंत्री एडप्पाडी के पलानीस्वामी की स्टरलाइट विरोध प्रदर्शनों और सथानकुलम में हिरासत में हुई मौतों से निपटने के तरीके की आलोचना की।
उपमुख्यमंत्री ने द्रविड़ मॉडल सरकार की उपलब्धियों पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्टालिन ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना और स्कूली बच्चों के लिए सुबह के नाश्ते के कार्यक्रम सहित कई वादे पूरे किए हैं।
केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने उस पर शिक्षा निधि रोकने और तमिलनाडु में हिंदी लाने के लिए तीन-भाषा फार्मूला थोपने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को चुनाव होंगे और परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।
भाषा राजकुमार मनीषा
मनीषा

Facebook


