पिछले शासन में लोगों को आतंकित करने के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया गया: शुभेंदु अधिकारी
पिछले शासन में लोगों को आतंकित करने के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया गया: शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता, छह जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि पुलिस ने दो जिलों में अवैध आग्नेयास्त्रों और गोला-बारूद का जखीरा जब्त किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पिछली सरकार के दौरान ऐसे हथियारों का भंडारण किया गया था जिसका इस्तेमाल लोगों को आतंकित करने के लिए किया गया।
अधिकारी के अनुसार, यह जब्ती दक्षिण 24 परगना जिले के कुमराखाली और बसंती के सरबेरिया बाजार के पास तथा उत्तर 24 परगना के संदेशखाली इलाकों में व्यापक छापेमारी के दौरान की गई।
उन्होंने राज्य में आपराधिक गतिविधियों और राजनीतिक आतंकवाद को समाप्त करने का संकल्प व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “बलों ने शांति भंग करने के लिए छिपाए गए अवैध आग्नेयास्त्रों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा जब्त किया है। पिछले शासनकाल में वर्षों तक ऐसे अवैध हथियारों का भंडारण किया गया और आम नागरिकों को आतंकित करने के लिए इनका इस्तेमाल किया गया।”
अधिकारी ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “हिंसा की इस संस्कृति” के कारण कई विपक्षी कार्यकर्ताओं, विशेषकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं की जान गई, जिन्होंने “तानाशाही” के खिलाफ आवाज उठाई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य से “आपराधिक गतिविधियों और राजनीतिक आतंकवाद का पूरी तरह सफाया किया जाएगा” और “शांति, सुरक्षा एवं लोकतंत्र कायम रहेगा।”
उनकी यह टिप्पणी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा भांगड़ विस्फोट मामले के मुख्य संदिग्ध और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को दक्षिण 24 परगना जिले से गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद आई है।
दक्षिण 24 परगना के दक्षिण बामुनिया गांव में 19 मार्च को हुए देसी बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहां कथित तौर पर बम बनाए जा रहे थे।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


