पश्चिम बंगाल विधानसभा में हावड़ा वार्ड परिसीमन संशोधन विधेयक पारित

पश्चिम बंगाल विधानसभा में हावड़ा वार्ड परिसीमन संशोधन विधेयक पारित

पश्चिम बंगाल विधानसभा में हावड़ा वार्ड परिसीमन संशोधन विधेयक पारित
Modified Date: August 12, 2026 / 03:21 pm IST
Published Date: August 12, 2026 3:21 pm IST

कोलकाता, 12 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को हावड़ा नगर निगम में वार्ड की संख्या 50 से बढ़ाकर 68 करने के प्रस्ताव वाला विधेयक पारित किया और विधानसभा द्वारा सात फरवरी को पारित संशोधन विधेयक को वापस ले लिया।

राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह फैसला आबादी में अंतर की वजह से लिया गया है और इससे निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

पॉल ने कहा, ‘‘वार्ड की संख्या बढ़ाने का फैसला आबादी में अंतर की वजह से लिया गया है। वार्ड के पुनर्गठन के बाद नागरिकों को नागरिक सुविधाएं और बेहतर ढंग से मिल पाएंगी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने चुनाव हारने के डर से जानबूझकर निकाय चुनाव में देरी की।

मंत्री ने कहा, ‘‘तृणमूल ने इतने लंबे समय तक नगर निकाय चुनाव नहीं होने दिए क्योंकि उसे हार का डर था।’’

पॉल ने आरोप लगाया, ‘‘हावड़ा को नगर निकाय के लिए आवंटित 200 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता नहीं मिली।’’

मंत्री ने कहा कि यह संशोधन हावड़ा नगर निगम अधिनियम, 2026 के तहत लाया गया है।

पॉल ने कहा, ‘‘हावड़ा नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप ‘हावड़ा नगर निगम अधिनियम (संशोधन) विधेयक, 2026’ नाम का एक विधेयक तैयार किया गया है।’’

इसके अलावा, राज्य मंत्रिमंडल ने कोलकाता नगर निगम में वार्ड की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने के प्रारंभिक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अगर इसे लागू किया जाता है तो कोलकाता में 65 अतिरिक्त वार्ड जुड़ जाएंगे, जबकि हावड़ा में वार्ड की संख्या 50 से बढ़कर 68 हो जाएगी।

भाषा सुरभि पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में