बंगाल के मुख्यमंत्री संभवत: शनिवार को करेंगे सुर्ज्यपुर पुलिस चौकी का उद्घाटन

Ads

बंगाल के मुख्यमंत्री संभवत: शनिवार को करेंगे सुर्ज्यपुर पुलिस चौकी का उद्घाटन

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 03:34 PM IST

कोलकाता, 10 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दक्षिण 24 परगना के सुर्ज्यपुर में एक पुलिस चौकी का संभवत: शनिवार को उद्घाटन करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इस चौकी को स्थापित करने की घोषणा चार दिन पहले की गई थी।

शुभेंदु ने सुर्ज्यपुर के पास बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की के कथित बलात्कार एवं उसकी हत्या के बाद उसके परिवार से मुलाकात के उपरांत यह चौकी स्थापित करने की घोषणा की थी।

अब तक सुर्ज्यपुर में सिर्फ़ एक पुलिस शिविर था, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाता था। लोगों को शिकायत दर्ज कराने बारुईपुर थाने जाने के लिए लगभग 10 किलोमीटर का सफर करना पड़ता था।

राज्य के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने इस कथित बलात्कार और हत्या की जांच अपने हाथ में ली है। सीआईडी की टीम के आज घटनास्थल का दौरा करने की संभावना है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जांच के तहत फोरेंसिक टीम के सबूत इकट्ठा करने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि शनिवार को बारुईपुर के प्रस्तावित दौरे में मुख्यमंत्री के पीड़ित परिवार से दोबारा मिलने की भी संभावना है।

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘प्रस्तावित उद्घाटन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और मौसम की स्थिति को देखते हुए संभावना है कि शनिवार को बारुईपुर दौरे के दौरान वह सुर्ज्यपुर पुलिस चौकी का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए जरूरी प्रशासनिक और सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मृत किशोरी के परिवार से मुलाकात की थी। परिवार ने सरकार से सुर्ज्यपुर में एक पुलिस चौकी स्थापित करने की अपील की थी।

इस अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि यह चौकी एक सप्ताह के भीतर तैयार हो जाएगी और वह स्वयं इसका उद्घाटन करेंगे।

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद चौकी के लिए सारे इंतजाम कर लिये गये हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘बुनियादी ढांचा तैयार है और तय समय-सीमा के भीतर पुलिस चौकी को चालू कर दिया गया है। इससे पुलिस व्यवस्था में काफी सुधार होगा।’’

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री के शनिवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे बारुईपुर पहुंचने की संभावना है।

वह सबसे पहले मृत किशोरी के घर जायेंगे और उसके बाद इंद्रजीत मंडल के परिवार से मिलेंगे। मंडल की कथित तौर पर भीड़ के हमले में मौत हो गई थी।

इसके बाद मुख्यमंत्री सुर्ज्यपुर पुलिस चौकी का उद्घाटन करेंगे। बारुईपुर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम लगभग 45 मिनट तक चलने की संभावना है।

भाषा राजकुमार सिम्मी

सिम्मी