पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली/कोलकाता, 22 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के रूप में नौ मई को शपथ लेने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री से अधिकारी की यह पहली मुलाकात है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’’
हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के बाद मोदी कोलकाता में अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।
अधिकारी ने कहा कि नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में जनता की सेवा करने का दायित्व ग्रहण करने के बाद माननीय प्रधानमंत्री के साथ यह मेरी पहली आधिकारिक मुलाकात है। मैं माननीय प्रधानमंत्री को उनकी शुभकामनाओं और सबसे बढ़कर, हमारे राज्य की प्रगति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए हार्दिक धन्यवाद देता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सार्थक चर्चा’ के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के अपने दृष्टिकोण पर फिर से जोर दिया और दोहराया कि पश्चिम बंगाल का विकास केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल को वर्षों से जारी आर्थिक गतिरोध से उबारने और इसे आर्थिक विकास, औद्योगिक पुनरुद्धार और युवा सशक्तिकरण के पथ पर मजबूती से स्थापित करने के लिए हर संभव सहायता, मार्गदर्शन और केंद्रीय समर्थन का आश्वासन देने के लिए मैं उनका अत्यंत आभारी हूं। केंद्र सरकार के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ, हम पश्चिम बंगाल के लिए दोहरी गति से विकास, पारदर्शी शासन और समग्र विकास के एक नए युग की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। जय हिंद। वंदे मातरम्।’’
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


