बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु 11 मई को अपनी पहली प्रशासनिक बैठक करेंगे
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु 11 मई को अपनी पहली प्रशासनिक बैठक करेंगे
कोलकाता, नौ मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी 11 मई को अपनी सरकार की पहली प्रशासनिक बैठक करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य की पहली भाजपा सरकार की इस बैठक में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे, जिसमें कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी अगले सप्ताह के उत्तरार्ध में होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद शनिवार को शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव दुष्यंत नरियाला, पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद भी उपस्थित थे।
राज्य प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार और बृहस्पतिवार को आयोजित किया जाएगा।
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘सरकार का तात्कालिक लक्ष्य प्रशासन और सार्वजनिक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि जारी परियोजनाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहनी चाहिए।’’
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के संचालन के बारे में भी जानकारी ली और मुख्य सचिव को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि योजनाएं बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से जारी रहें।
शुभेंदु ने ‘राइटर्स बिल्डिंग’ के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली, जो अगला राज्य सचिवालय होगा।
राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘राइटर्स बिल्डिंग के जीर्णोद्धार और बुनियादी ढांचा निर्माण का काम अब भी जारी है। काम पूरा होने तक, शासन में कोई बाधा न आए, यह सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण बैठकें राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में ही होंगी।’’
भाषा
शफीक पवनेश
पवनेश

Facebook


