जयपुर, पांच अप्रैल (भाषा) राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी।
विभाग ने छह से आठ अप्रैल तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई, जबकि पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधि दर्ज की गई। धौलपुर जिले के बाड़ी कस्बे में राज्य में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लूनकरनसर में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री और फतेहपुर में 12.9 डिग्री दर्ज किया गया।
जयपुर स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि पांच अप्रैल को जयपुर और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि अधिकतर अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
छह अप्रैल से एक नया और प्रबल पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में तेज हवाएं (40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा), बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
सात अप्रैल को इसका प्रभाव चरम पर होगा, जब जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों में तीव्र आंधी-तूफान की गतिविधि, तेज हवाएं (50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा) चलने, मध्यम से भारी बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है।
आठ अप्रैल को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अधिकतर अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। नौ अप्रैल से अगले तीन-चार दिनों तक पूरे राज्य में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की उम्मीद है।
विभाग ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, जिसमें कटी हुई फसलों और मंडियों में रखे अनाज को ढंकने या सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है ताकि बारिश और ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
भाषा बाकोलिया नेत्रपाल सुरभि
सुरभि