बाघ की मौत के पीछे जंगली कुत्तों का हमला संभव, मंत्री ने शिकार की बात नकारी

बाघ की मौत के पीछे जंगली कुत्तों का हमला संभव, मंत्री ने शिकार की बात नकारी

बाघ की मौत के पीछे जंगली कुत्तों का हमला संभव, मंत्री ने शिकार की बात नकारी
Modified Date: May 11, 2026 / 10:24 am IST
Published Date: May 11, 2026 10:24 am IST

पणजी, 11 मई (भाषा) गोवा के वन मंत्री विश्वजीत राणे ने राज्य के कुशावती जिले में हाल में एक बाघ के मृत मिलने के मामले में उसके शिकार की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि उसे जंगली कुत्तों द्वारा मारा गया होगा।

गत दो मई को गोवा-कर्नाटक सीमा पर स्थित भगवान महावीर अभयारण्य (मोल्लेम) से कुछ दूरी पर साकोर्डेम गांव में एक वयस्क बाघ का सड़ चुका शव मिला था। मृत बाघ के नाखून और दांत गायब थे, जिसके बाद इस मामले की जांच के आदेश दिए गए थे।

राणे ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि वन विभाग की प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि बाघ को जंगली कुत्तों के एक झुंड ने मारा होगा।

उन्होंने कहा, ‘गोवा के मुख्य वन संरक्षक इस घटना की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हम विस्तृत जानकारी दे पाएंगे।’

मंत्री ने संभावना जताई कि यह बाघ पड़ोसी राज्य कर्नाटक के काली बाघ अभयारण्य से गोवा के जंगलों में भटक कर आया होगा।

उन्होंने कहा कि अक्सर बाघ कर्नाटक से बाघ गोवा के वन क्षेत्रों में प्रवेश करते हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या गोवा में स्थानीय बाघ मौजूद हैं, राणे ने कहा कि इसका जवाब देना राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण का काम है।

भाषा सुमित वैभव

वैभव


लेखक के बारे में