पश्चिम बंगाल की जनता की ‘अत्यंत निष्ठा’ से सेवा करूंगा: राज्यपाल आर.एन. रवि
पश्चिम बंगाल की जनता की ‘अत्यंत निष्ठा’ से सेवा करूंगा: राज्यपाल आर.एन. रवि
कोलकाता, 12 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के 22वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के कुछ घंटों बाद आर.एन. रवि ने बृहस्पतिवार को राज्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नमन करते हुए यहां की जनता की “अत्यंत निष्ठा” के साथ सेवा करने का संकल्प व्यक्त किया।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी रवि को कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल ने यहां लोक भवन में आयोजित समारोह में शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी, कोलकाता के महापौर फिरहाद हकीम और वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस भी मौजूद थे।
रवि ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा, “पश्चिम बंगाल की जनता की सेवा करने का अवसर पाकर मैं अत्यंत धन्य और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यह महान भूमि हजारों वर्षों से भारत की आध्यात्मिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक राजधानी रही है।”
उन्होंने अपने संदेश में राज्य के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह “वह भूमि है जहां वेदों का शाश्वत ज्ञान फला-फूला, जहां गौतम बुद्ध की शिक्षाओं को नयी अभिव्यक्ति मिली और जहां भक्ति की महान परंपरा विकसित हुई।”
रवि ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में पश्चिम बंगाल की महत्वपूर्ण भूमिका का भी जिक्र किया और चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, रवींद्रनाथ ठाकुर, श्री अरबिंदो, सुभाष चंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी हस्तियों का संदर्भ दिया।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, “मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि वह मुझे इस भूमि के लोगों की अत्यंत निष्ठा के साथ सेवा करने के लिए ज्ञान और शक्ति प्रदान करें।”
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल और उनकी पत्नी का अभिनंदन किया तथा उन्हें पारंपरिक ‘उत्तरीय’ भेंट कर स्वागत किया।
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


