फरीदाबाद में महिला और उसका एक साल का बेटा मृत पाए गए
फरीदाबाद में महिला और उसका एक साल का बेटा मृत पाए गए
फरीदाबाद, 24 मई (भाषा) फरीदाबाद में सूरजकुंड क्षेत्र के एक गांव में 28 वर्षीय महिला और उसका एक वर्षीय बेटा मृत पाए गए। महिला के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने बताया कि महिला के परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान आरती और उसके बेटे हृदय के रूप में हुई है। दोनों अनखीर गांव के निवासी थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरती अपने पति निशांत और एक वर्षीय बेटे के साथ घर की पहली मंजिल पर रहती थी। निशांत एक निजी अस्पताल में लैब अटेंडेंट के रूप में काम करता है।
पुलिस के अनुसार निशांत शनिवार को काम पर गया हुआ था। शाम को घर लौटने पर उसने अपनी पत्नी और बेटे को कमरे में बेहोशी की हालत में पाया। दोनों की मौत हो चुकी थी और उनके शव नीले पड़ चुके थे।
पुलिस ने बताया कि आरती मूल रूप से पावटा गांव की रहने वाली थी और उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले निशांत से हुई थी। पति-पत्नी के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। करीब दो महीने पहले आरती ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास भी किया था, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बच गई थी।
भाषा गोला देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


