केरल के कांजनगाड़ में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति हिरासत में
केरल के कांजनगाड़ में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति हिरासत में
कासरगोड (केरल), 19 जुलाई (भाषा) केरल के कांजनगाड़ में पुलिस ने 28 वर्षीय महिला का शव उसके घर से बरामद किए जाने के बाद पति को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की मूल निवासी क्षमा के रूप में हुई है, जो कांजनगाड़ के पास वड़ाकरामुक्कू में किराए के एक मकान में अपने पति नारायण के साथ रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, यहां शनिवार देर रात करीब 1:40 बजे पड़ोसियों ने क्षमा का शव उसके घर में मिलने की सूचना पुलिस को दी।
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती तौर पर ऐसा प्रतीत हुआ कि उसने आत्महत्या की है, लेकिन उसके गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या या किसी साजिश का शक हुआ।
पड़ोसियों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए नारायण को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है और मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
भाषा
खारी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


