दिल्ली में निर्माणाधीन घर में काम करते समय महिला मज़दूर की करंट लगने से मौत
दिल्ली में निर्माणाधीन घर में काम करते समय महिला मज़दूर की करंट लगने से मौत
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के त्रिनगर इलाके में एक निर्माणाधीन घर में काम करने के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय महिला मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मृतका की पहचान दिल्ली के जकीरा निवासी संगीता के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, दीप चंद बंधु अस्पताल से एक मृत महिला को लाए जाने की जानकारी मिली थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि नारंग कॉलोनी में एक निर्माणाधीन घर में निर्माण कार्य करते समय संगीता को करंट लगा। उसे तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’
सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची और बाद में निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। अपराध टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
‘मेडिको-लीगल केस’ (एमएलसी), मौके के निरीक्षण के निष्कर्षों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने केशव पुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 290 (इमारतों को गिराने, मरम्मत करने या निर्माण करने के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) और 106 (लापरवाही से मौत का कारण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
‘मेडिको-लीगल केस’ ऐसा चिकित्सीय मामला होता है, जिसमें लगी चोट या बीमारी के कारणों की जांच के लिए पुलिस की जांच जरूरी होती है।
पुलिस ने कहा कि वे उन परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं जिनके कारण महिला को करंट लगा और क्या निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए थे।
अधिकारी ने कहा कि जांच के तहत घर के मालिक, ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम के बाद लगेगा और निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान नोमान धीरज
धीरज

Facebook


