जयपुर, तीन अप्रैल (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में 35 साल की एक युवती का शव जंगल में पाया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता एक युवक के साथ ‘लिव-इन’ (सहजीवन) में रहती थी जिसने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस उपाधीक्षक अमरजीत चावला ने बताया कि जसवीर कौर (35) का शव बृहस्पतिवार को गांव नौ डीडब्ल्यूडी के जंगल में पाया गया। उन्होंने कहा कि वह हरप्रीत सिंह नामक युवक के साथ ‘लिव-इन’ में रहती थी।
आरोपी हरप्रीत दोपहर में खाजूवाला थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने जसवीर की गला दबाकर हत्या कर दी है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
उन्होंने बताया कि युवती की शादी कहीं और हुई थी लेकिन वह लगभग दो साल से हरप्रीत सिंह के साथ ‘लिव-इन’ में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों में कई दिनों से मनमुटाव चल रहा था। पीड़िता के भाई की ओर से मामला दर्ज कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा पृथ्वी
संतोष
संतोष