कपूरथला, 30 अगस्त (भाषा) पंजाब में कपूरथला के भोलाथ इलाके के एक गांव में 30 वर्षीय महिला के साथ उसके घर में दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में एक प्लंबर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाया और घटना के बारे में किसी को बताने पर वीडियो को वायरल करने की धमकी भी दी।
पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि उसने पिछले साल नवंबर में प्लंबर को पानी की टंकी की मरम्मत के लिए अपने घर बुलाया था।
पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया था और वह बाद में उसे कॉल करता था।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी प्लंबर महिला के बेटे की गैर मौजूदगी में उसके घर आया, और जब वह घर में अकेली थी तो उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया।
पीड़ित महिला का पति अमेरिका में रहता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस सिलसिले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाषा रवि कांत दिलीप
दिलीप