तेंदुए के हमले महिला गंभीर रूप से घायल
तेंदुए के हमले महिला गंभीर रूप से घायल
जयपुर, तीन अगस्त (भाषा) सवाई माधोपुर जिले के टोडरा गांव में एक तेंदुए ने घर में सो रही 78 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार देर रात की है, जब तेंदुआ ने घर की चारदीवारी फांदकर आंगन में चारपाई पर सो रही लीला देवी पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि तेंदुए ने महिला के सिर और गर्दन को अपने जबड़ों में दबोच लिया और उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता ले गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद तेंदुआ दीवार पर चढ़ गया और महिला को दूसरी ओर खींचने का प्रयास करने लगा।
उन्होंने बताया कि महिला की चीख-पुकार सुनकर उसका बेटा और परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है।
इस घटना से नाराज ग्रामीण सोमवार को वन विभाग के फलोदी रेंज कार्यालय पहुंचे और सड़क जाम करके तेंदुओं के हमलों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है और तेंदुए का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
भाषा बाकोलिया अमित
अमित

Facebook


