तमिलनाडु में कई गाड़ियों की टक्कर में पांच लोगों की मौत
तमिलनाडु में कई गाड़ियों की टक्कर में पांच लोगों की मौत
मदुरै (तमिलनाडु), तीन अगस्त (भाषा) तमिलनाडु के मदुरै जिले में मेलूर के पास सोमवार को कई गाड़ियों की टक्कर की घटना में तीन वर्षीय बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना थुम्बैपट्टी फोर-लेन फ्लाईओवर पर उस समय हुई जब चेन्नई से तिरुनेलवेली जा रही एक कार, जिसमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्ची सवार थे, आगे चल रहे एक दोपहिया वाहन से टकरा गई।
टक्कर के बाद कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में चली गई, जहां उसकी सामने से आ रही मदुरै से तिरुचिरापल्ली जा रही दूसरी कार से सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि चेन्नई से जा रही कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
चेन्नई वाली कार में सवार एक पुरुष यात्री और दूसरी कार में सवार एक अन्य पुरुष यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए जिसके बाद बचाव कार्य में संलग्न कर्मियों ने उन्हें मेलूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया, मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


