ट्रेन के इंजन में लगी आग, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
ट्रेन के इंजन में लगी आग, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बदायूं (उप्र), तीन अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिनावर क्षेत्र के मालगांव रेलवे स्टेशन के निकट सोमवार सुबह बरेली-कासगंज रेलमार्ग पर एक पैसेंजर ट्रेन के इंजन में आग लग गयी, मगर ट्रेन चालक की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) राहुल पांडेय ने बताया कि कासगंज से बरेली जा रही पैसेंजर ट्रेन मलगांव रेलवे फाटक के पास पहुंची थी, तभी अचानक इंजन की वायरिंग में आग लग गयी और उससे धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं।
उन्होंने बताया कि यह देखकर ट्रेन चालक सर्वेश सिंह ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और तुरंत रेलवे नियंत्रण कक्ष को सूचना दी।
पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पहले रेलवे कर्मचारियों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जब आग नहीं बुझी तो दमकल की मदद ली गयी और करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ट्रेन प्रबंधक पीयूष कुमार वर्मा ने बताया कि आग लगने की असली वजह जांच के बाद पता चलेगी, हालांकि ट्रेन को आगे ले जाने के लिए दूसरा इंजन मंगाया गया है।
रेलवे के सूत्रों ने बताया कि इस घटना के कारण बरेली-कासगंज रेलमार्ग पर यातायात तीन घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रहा और कई ट्रेनों को बदायूं, कछला ब्रिज, घटपुरी और कासगंज स्टेशनों पर रोका गया, जिससे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में किसी भी तरह की जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
भाषा सं. सलीम रंजन
रंजन

Facebook


