नोएडा में सीवेज टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से श्रमिक और सुरक्षाकर्मी की मौत

नोएडा में सीवेज टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से श्रमिक और सुरक्षाकर्मी की मौत

नोएडा में सीवेज टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से श्रमिक और सुरक्षाकर्मी की मौत
Modified Date: July 26, 2026 / 12:02 pm IST
Published Date: July 26, 2026 12:02 pm IST

नोएडा (उप्र), 26 जुलाई (भाषा) नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एक आवासीय सोसाइटी में मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) के टैंक की सफाई के दौरान कथित तौर पर दम घुटने से एक श्रमिक और एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एल्डेको सोसाइटी में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के करौली जिले का निवासी शशिकांत शर्मा (40) एसटीपी टैंक की सफाई के लिए उसमें उतरा था लेकिन वह उसके अंदर ही बेहोश हो गया।

पुलिस ने बताया कि शर्मा को बचाने के प्रयास में फिरोजाबाद निवासी सुरक्षाकर्मी आकाश (22) भी टैंक में उतरा लेकिन वह भी बेहोश हो गया।

स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे तथा दोनों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

पुलिस ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी ठेकेदार मनोज जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में