जम्मू में योग दिवस मनाया गया, जितेंद्र सिंह ने योग को भारत के ‘विजन 2047’ से जोड़ा
जम्मू में योग दिवस मनाया गया, जितेंद्र सिंह ने योग को भारत के ‘विजन 2047’ से जोड़ा
जम्मू, 21 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग के महत्व और भारत के ‘विजन 2047’ को साकार करने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
सिंह ने जम्मू प्रशासन द्वारा ‘गवर्नमेंट कॉलेज फॉर विमेन’, गांधी नगर में आयोजित एक कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस वर्ष योग दिवस का विषय ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ विशेष महत्व रखता है, क्योंकि भारत में जीवन प्रत्याशा लगातार बढ़ रही है और देश 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में अपनाए जाने के बाद से योग एक वैश्विक आंदोलन के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 12 वर्षों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन प्रधानमंत्री मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल के साथ मेल खाता है और यह वैश्विक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्र में भारत के बढ़ते योगदान को दर्शाता है।’’
योग दिवस के विषय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे वरिष्ठ नागरिकों की संख्या बढ़ रही है, यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि वे स्वस्थ रहें, सक्रिय रहें और समाज में सार्थक योगदान देने में सक्षम रहें।
उन्होंने कहा, ‘‘हर नागरिक की यह जिम्मेदारी है कि वह 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। योग लोगों को उम्र बढ़ने के साथ शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने में मदद कर सकता है, जिससे वे समाज की सेवा जारी रख सकें और राष्ट्र-निर्माण में योगदान दे सकें।’’
इस आयोजन के तहत आयोजित सामूहिक योग सत्र में सैकड़ों प्रतिभागियों ने भाग लिया जिनमें छात्र, सरकारी अधिकारी, सुरक्षा कर्मी और नागरिक समाज के सदस्य शामिल हैं।
पूरे जम्मू क्षेत्र में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए योग के लाभों के प्रति जागरुकता बढ़ाना है।
सीमा पर तैनात सेना और सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भी विशेष योग सत्रों का आयोजन किया, जबकि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू कश्मीर पुलिस ने जम्मू और अन्य जिलों में विशेष कार्यक्रमों के साथ योग दिवस मनाया।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को रियासी जिले में उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक पर स्थित भारत के एकमात्र केबल पुल अंजी ब्रिज पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते हुए देखा गया।
इसके अलावा, भारतीय प्रबंधन संस्थान जम्मू ने भी अपने परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य स्वस्थ वृद्धावस्था, आंतरिक संतुलन और जीवनभर कल्याण को बढ़ावा देना है।
भाषा शोभना अमित
अमित

Facebook


